पटना | 1 अगस्त 2026
बिहार के गया जिले के प्रतिभाशाली पैरा एथलीट सोमन राणा ने Commonwealth Games 2026 (ग्लासगो) में पुरुष Shot Put F57 स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 13.40 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो फेंककर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनके इस ऐतिहासिक प्रदर्शन से न केवल बिहार बल्कि पूरे भारत का गौरव विश्व मंच पर बढ़ा है।
इसी स्पर्धा में भारत के शुभम जुयाल ने 13.28 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो कर रजत पदक जीता, जिससे भारत ने पहली बार इस स्पर्धा में स्वर्ण और रजत दोनों पदक जीतकर ऐतिहासिक डबल पोडियम फिनिश दर्ज की। कैमरून के सेड्रिक इदरीस लेकेजो अज़ामद्ज़ी ने 12.57 मीटर के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि
यह उपलब्धि कई मायनों में ऐतिहासिक रही। राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में पुरुष Shot Put F57 स्पर्धा में भारत का यह पहला स्वर्ण पदक है। साथ ही पहली बार भारत ने इस स्पर्धा में स्वर्ण और रजत दोनों पदक जीतकर नया इतिहास रचा। ग्लासगो 2026 की ट्रैक एवं फील्ड प्रतियोगिताओं में यह भारत का तीसरा स्वर्ण पदक रहा, जबकि शुभम जुयाल देश के सातवें रजत पदक विजेता बने। इन दोनों पदकों के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या 30 तक पहुँच गई।
संघर्ष से सफलता तक का सफर
गया, बिहार के निवासी सोमन राणा का जीवन साहस, संघर्ष और प्रेरणा की मिसाल है। वे पहले राष्ट्रीय स्तर के मिडिलवेट मुक्केबाज़ रहे। वर्ष 2006 में भारतीय सेना की 2/8 गोरखा राइफल्स में सिपाही के रूप में सेवा के दौरान पुंछ सेक्टर में लैंडमाइन विस्फोट में उन्होंने अपना दायाँ पैर खो दिया।
इसके बाद वर्ष 2017 में Artificial Limb Centre (ALC) में कृत्रिम पैर लगवाने के दौरान उन्होंने पैरा एथलेटिक्स की शुरुआत की। कठिन परिश्रम, अनुशासन और अटूट आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर यह सिद्ध कर दिया कि मजबूत इच्छाशक्ति के सामने कोई बाधा बड़ी नहीं होती।
डॉ. शिवाजी कुमार ने दी हार्दिक बधाई
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बिहार पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. शिवाजी कुमार ने सोमन राणा एवं शुभम जुयाल को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से भारत का सम्मान विश्व मंच पर बढ़ाया है।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि गया के लाल सोमन राणा की यह सफलता पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय है और राज्य के दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए नई प्रेरणा बनेगी।
बिहार पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने जताई खुशी
बिहार पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से सचिव श्री संदीप कुमार, उपाध्यक्ष श्री संतोष कुमार सिन्हा, संयुक्त सचिव श्री लक्ष्मीकांत सहाय, कोषाध्यक्ष श्रीमती उषा मनाकी सहित सभी पदाधिकारियों ने दोनों खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
एसोसिएशन की सभी जिला इकाइयों, संबद्ध संस्थाओं, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं सैकड़ों दिव्यांगजनों ने भी इस ऐतिहासिक सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रेरणा का नया अध्याय
सोमन राणा की यह स्वर्णिम उपलब्धि बिहार के युवाओं और दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनका संघर्ष और सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। यह सफलता बिहार में पैरा खेलों के विकास को नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान करेगी।
जारीकर्ता:
बिहार पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन
पटना, बिहार
