राष्ट्रमंडल खेल 2026: बिहार के झंडू कुमार ने जीता कांस्य पदक, भारत को दिलाया पहला आधिकारिक पदक

बिहार के लिए गर्व और पूरे देश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि तब दर्ज हुई जब नालंदा जिले के हरनौत निवासी अंतरराष्ट्रीय पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 (ग्लासगो) में पुरुष हैवीवेट पैरा पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत को इन खेलों का पहला आधिकारिक पदक दिलाया। यह सफलता केवल एक खिलाड़ी की जीत नहीं, बल्कि संघर्ष, समर्पण और अटूट आत्मविश्वास की मिसाल है।
ग्लासगो में शानदार प्रदर्शन
झंडू कुमार ने प्रतियोगिता के ग्रुप-बी में हिस्सा लेते हुए अपने पहले प्रयास में 186 किलोग्राम तथा दूसरे प्रयास में 190 किलोग्राम वजन सफलतापूर्वक उठाया। उन्होंने कुल 130.9 अंक अर्जित कर कांस्य पदक अपने नाम किया।
स्वर्ण पदक की चुनौती देते हुए उन्होंने अंतिम प्रयास में 196 किलोग्राम वजन उठाने का प्रयास किया, लेकिन यह प्रयास सफल नहीं हो सका। इसके बावजूद उनका प्रदर्शन इतना प्रभावशाली रहा कि उन्होंने नाइजीरिया के इदरीस रिलुवान और इंग्लैंड के मैथ्यू हार्डिंग के बाद तीसरा स्थान हासिल किया। विशेष बात यह रही कि ग्रुप-बी से पदक जीतना इस उपलब्धि को और भी ऐतिहासिक बनाता है।
संघर्ष से सफलता तक का प्रेरणादायक सफर
झंडू कुमार का जीवन संघर्ष और साहस की मिसाल है। बचपन में पोलियो से प्रभावित होने के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी। आर्थिक तंगी के बीच उन्होंने अपने परिवार की सहायता के लिए सब्जी बेचने का कार्य किया और कोविड-19 महामारी के दौरान ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण किया।
खेल के प्रति उनका समर्पण इतना गहरा था कि उन्होंने अपने प्रशिक्षण को जारी रखने के लिए अपना ई-रिक्शा तक बेच दिया। उनकी प्रतिभा को पहचानते हुए पूर्व पैरालंपिक कांस्य पदक विजेता राजिंदर सिंह रहलू ने उन्हें स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI), गांधीनगर में प्रशिक्षण का अवसर दिलाया। यहीं से उनके अंतरराष्ट्रीय करियर को नई दिशा मिली।
लगातार अंतरराष्ट्रीय सफलताएँ
राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीतने से पहले भी झंडू कुमार कई महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ अपने नाम कर चुके हैं।
2025 विश्व पैरा पावरलिफ्टिंग वर्ल्ड कप (बीजिंग) – कांस्य पदक
2026 एशियन एवं ओशियानिया पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप – कांस्य पदक
खेलो इंडिया पैरा गेम्स – 206 किलोग्राम वजन उठाकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित
इन उपलब्धियों ने उन्हें भारत के प्रमुख पैरा पावरलिफ्टरों में शामिल कर दिया है।
बिहार परा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने दी बधाई
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बिहार परा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. शिवाजी कुमार ने झंडू कुमार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह सफलता बिहार के दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि झंडू कुमार ने अपने कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से भारत और बिहार का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
एसोसिएशन के महासचिव धीरेंद्र कुमार, सचिव संदीप कुमार, संयुक्त सचिव लक्ष्मीकांत सहाय, उषा मानाकी सहित सभी पदाधिकारियों, जिला इकाइयों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और सदस्यों ने भी उन्हें शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top